गोरखपुर
सोकता निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग
सफेद बालू और घटिया ईंट के इस्तेमाल का आरोप, सचिव व एडीओ पंचायत से शिकायत के बावजूद जांच नहीं होने का दावा
हरपुर बुदहट/सहजनवां, गोरखपुर। विकासखंड सहजनवां की ग्राम पंचायत कटसहरा में सोकता (सोकपिट) निर्माण में मानकों की अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में पीली बालू की जगह सफेद बालू और अव्वल ईंट के स्थान पर घटिया पीली ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा है।

मानकों के विपरीत निर्माण का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार सरकारी मानकों के तहत सोकता निर्माण में नंबर-1 ईंट का प्रयोग किया जाना चाहिए, ताकि पानी का उचित रिसाव हो सके। आरोप है कि निर्माण में मानकों का पालन न कर महज खानापूर्ति की जा रही है।

शिकायत के बाद भी जांच नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि घटिया सामग्री के इस्तेमाल से सोकता कुछ ही महीनों में धंस सकते हैं और सरकारी धन का दुरुपयोग हो सकता है। इस संबंध में सचिव और एडीओ पंचायत से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद मौके पर जांच नहीं होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।

डीएम और डीपीआरओ से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) से मौके पर जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मानक के अनुरूप सोकता का पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई है।
