गाजीपुर
सावन से पहले संवरने लगा बिछुड़नाथ धाम का मार्ग
सड़क मरम्मत का कार्य शुरू
खानपुर (गाजीपुर)। सावन माह में बाबा बिछुड़नाथ महादेव के दर्शन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए बभनौली से प्राचीन बिछुड़नाथ महादेव धाम को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की मरम्मत शुरू कर दी गई है। वर्षों से बदहाल इस सड़क पर सोमवार से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने गड्ढों को मोरंग और ईंट के टुकड़ों से भरने का कार्य शुरू कराया, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
बरसात के मौसम में यह सड़क जलभराव, कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण आवागमन के लिए बेहद कठिन हो जाती थी। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। सावन में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक और दर्शन के लिए आने से यह समस्या और गंभीर हो जाती थी।
पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर मनीष शुक्ला ने बताया कि फिलहाल श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए सड़क की अस्थायी मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के स्थायी समाधान के लिए इसे सीसी रोड के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद नियमानुसार स्थायी निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों ने सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने पर खुशी जताई है। उनका कहना है कि बिछुड़नाथ महादेव धाम क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां सावन के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क की मरम्मत से तत्काल राहत मिलेगी, जबकि सीसी सड़क बनने से वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से सीसी सड़क निर्माण के प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति देने की मांग की है, ताकि भविष्य में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
