गोरखपुर
सांसद रवि किशन के जन्मदिन पर विशाल भोज
बोले- “2027 का ट्रेलर है यह जनसमर्थन”
गोरखपुर समेत आसपास के जिलों से पहुंचे हजारों लोग, सांसद ने जताया जनता के स्नेह का आभार
गोरखपुर। गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने अपने जन्मदिन के अवसर पर विशाल भोज का आयोजन किया। कार्यक्रम में गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ मऊ, देवरिया, आजमगढ़ और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए।
भोज कार्यक्रम में पहुंचे हजारों लोगों ने सांसद रवि किशन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर सांसद रवि किशन ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें लोगों का भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा, “यह महादेव का आशीर्वाद है कि इतनी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे हैं। यह उत्साह 2027 का ट्रेलर है। 2027 में हम पूरी ताकत के साथ चुनाव जीतेंगे और कांग्रेस व समाजवादी पार्टी को हराएंगे।”
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद रवि किशन के जन्मदिन पर भोज आयोजित करने की बात कही थी। इसी क्रम में सांसद ने अपने जन्मदिन पर यह विशाल आयोजन किया।
