भदोही
ससुराल में करंट लगने से युवक की मौत
वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था, पंखे में उतरे करंट की चपेट में आया
कोइरौना। थाना क्षेत्र के भीखीपुर निवासी शिवशंकर बिंद (38) की ससुराल में करंट लगने से गुरुवार सुबह मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिवशंकर बिंद अपने परिवार के साथ दो दिन पहले ज्ञानपुर क्षेत्र के छत्रशाहपुर (दुल्हीपुर) स्थित ससुराल में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वह पंखे में उतरे करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर ज्ञानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी सुषमा देवी, तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं। घटना के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
