आजमगढ़
सरकारी कार्यालय में शिकायतकर्ता पर जानलेवा हमला, मनरेगा में फर्जी हाजिरी का मामला
शिकायत करने पहुंचे युवक पर कार्यालय के अंदर मारपीट का आरोप
अजमतगढ़ (आजमगढ़)।विकास खंड अजमतगढ़ कार्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब मनरेगा कार्यों में कथित अनियमितता की शिकायत करने पहुंचे एक युवक पर कार्यालय के भीतर ही जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगा।
फर्जी हाजिरी की शिकायत पर बढ़ा विवाद
पीड़ित राहुल सिंह ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत रसूलपुर में मनरेगा कार्यों में बड़े पैमाने पर फर्जी हाजिरी दर्ज की जा रही है। उनके अनुसार, मौके पर लगभग 17 मजदूर काम कर रहे थे, जबकि रिकॉर्ड में करीब 50 मजदूरों की उपस्थिति दिखाई जा रही थी।
राहुल सिंह खंड विकास अधिकारी जितेंद्र मिश्रा से इसी संबंध में शिकायत करने पहुंचे थे, तभी विवाद बढ़ गया।
पूर्व प्रधान प्रतिनिधि पर मारपीट का आरोप
पीड़ित के मुताबिक, इसी दौरान पूर्व प्रधान एवं वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि अरविंद सिंह कार्यालय में पहुंचे और शिकायत से नाराज होकर उनके साथ बेल्ट, लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
कर्मचारियों ने बचाई जान, अफरा-तफरी का माहौल
आरोप है कि यदि मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने बीच-बचाव न किया होता तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी। मारपीट के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस से शिकायत, CCTV फुटेज की मांग
पीड़ित राहुल सिंह ने थाना अजमतगढ़ में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कार्यालय की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने और निष्पक्ष जांच की भी मांग की है।
