गाजीपुर
करंट की चपेट में आने से खानपुर के युवक की मौत
दिल्ली में काम करने गए 22 वर्षीय मोहन बिंद की हादसे में गई जान, गांव में पसरा मातम
परिवार का था बड़ा सहारा, मौत से परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
खानपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बैहरहिया गांव निवासी 22 वर्षीय युवक की शुक्रवार को दिल्ली में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
काम के दौरान करंट की चपेट में आया
बैहरहिया निवासी गुलाब बिंद के पुत्र मोहन बिंद उर्फ वकील (22) रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली गए थे। वह सोनीपत स्थित एक वाटरजेट कंपनी में धागा मास्टर के रूप में कार्यरत थे। बताया गया कि शुक्रवार को कंपनी में काम करने के दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौत हो गई।
परिवार का था प्रमुख सहारा
मोहन की मौत की सूचना मिलते ही मां रमिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार मोहन परिवार के बड़े बेटे थे और उनकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था। कम उम्र में उनकी मौत से परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ आर्थिक परेशानी भी खड़ी हो गई है।
मोहन अपने पीछे दो बहनों रेनू और टीनू तथा छोटे भाई कृष्णा को छोड़ गए हैं। भाई की मौत से बहनों और छोटे भाई का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
शव आने का इंतजार
युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण शोकाकुल परिवार के घर पहुंचने लगे और परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजनों के अनुसार शव को गांव लाने की प्रक्रिया चल रही है। शव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
