आजमगढ़
बूढ़नपुर को मधुमेह मुक्त बनाने का संकल्प, स्वास्थ्य कार्यशाला में जागरूकता पर जोर
विजय सुपर स्पेशियलिटीज हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में मरीजों को मिली निःशुल्क जांच व परामर्श सुविधा
बूढ़नपुर (आजमगढ़)। नगर पंचायत बूढ़नपुर स्थित विजय सुपर स्पेशियलिटीज हॉस्पिटल द्वारा शनिवार को मधुमेह (डायबिटीज) जागरूकता एवं स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र को मधुमेह मुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए लोगों को इस बीमारी से बचाव एवं नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि लखनऊ से आए डॉ. नरसिंह वर्मा ने कहा कि मधुमेह आज तेजी से फैलती हुई गंभीर बीमारी बन चुकी है, जिससे बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एक गांव को गोद लेकर वहां मरीजों को निःशुल्क परामर्श, जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। यह पहल आगे अन्य क्षेत्रों में भी विस्तारित की जाएगी।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय तिवारी ने कहा कि यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो डायबिटीज आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. मनीष त्रिपाठी ने कहा कि संतुलित दिनचर्या, नियमित व्यायाम, उचित खान-पान एवं समय-समय पर जांच के माध्यम से इस बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में अनियमित जीवनशैली के कारण यह समस्या तेजी से बढ़ रही है।
डॉ. रजनी त्रिपाठी ने महिलाओं में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं आयोजक डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि उनका लक्ष्य बूढ़नपुर को मधुमेह मुक्त बनाना है। इस उद्देश्य से कार्यशाला में लगभग 100 मरीजों को निःशुल्क ग्लूकोमीटर वितरित किए गए तथा 200 से अधिक लोगों की मुफ्त जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाएं दी गईं।
उन्होंने बताया कि गोद लिए गए गांव में मरीजों का पूर्णतः निःशुल्क उपचार किया जाएगा, साथ ही वार्ड नंबर-7 में भी नियमित जांच एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुडलक सिंह, डॉ. अक्षी सिंह, डॉ. पवन पांडेय, अमित सिंह, बाल गोविंद, महेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
