आजमगढ़
पर्यावरण संरक्षण पर विद्यार्थियों ने रखे सशक्त विचार
जयपुरिया स्कूल में यूथ पार्लियामेंट
जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और सतत विकास पर विद्यार्थियों ने किया गंभीर मंथन
आजमगढ़। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार को कंधरापुर-मिरिया स्थित सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कक्षा आठवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यवाही की तर्ज पर सांसदों की भूमिका निभाते हुए पर्यावरणीय स्थिरता और जलवायु कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।
विद्यार्थियों ने जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और सतत विकास जैसे मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उनके तर्क, संवाद शैली और संसदीय गरिमा के पालन ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति और आत्मविश्वास पर पूरा प्रांगण तालियों से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋत्विक जायसवाल ने कहा कि यूथ पार्लियामेंट विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, विषय की समझ और तार्किक चिंतन विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। प्रधानाचार्या डॉ. अमृता राय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। जागरूक और संवेदनशील युवा ही सुरक्षित एवं हरित भविष्य की नींव रख सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन और मार्गदर्शन मेंटॉरशिप प्रभारी जुथी चक्रवर्ती की देखरेख में हुआ। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, लोकतांत्रिक संवाद और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
