गाजीपुर
अधिवक्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाल शहीदों को किया नमन
तहसील परिसर से निकली यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा नगर
एसडीएम, तहसीलदार समेत अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता हुए शामिल
जमानिया (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को तहसील परिसर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। अधिवक्ताओं, तहसील अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से हाथों में तिरंगा लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में अधिवक्ता और तहसील कर्मी शामिल हुए।

अधिकारियों ने भी लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा को लेकर तहसील परिसर में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। उपजिलाधिकारी निधि, तहसीलदार राम नारायण वर्मा और नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार सहित अन्य तहसील कर्मियों ने अधिवक्ताओं के साथ पैदल यात्रा में हिस्सा लिया। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

भारत माता के जयकारों से गूंजा नगर
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जय प्रकाश, महासचिव मुनेश कुशवाहा, घनश्याम सिंह, अच्छे कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता यात्रा में शामिल रहे। तहसील परिसर से शुरू हुई यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पाण्डेय मोड़ पहुंची। यहां से यात्रा वापस तहसील परिसर आकर समाप्त हुई।
इस दौरान ‘भारत माता की जय’ सहित देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। अधिवक्ताओं और तहसील कर्मियों ने देश के शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।
सामूहिक तिरंगा यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस से पहले नगरवासियों को देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।
