गाजीपुर
234 विद्यार्थियों ने दी डॉ. सुनीता सिंह स्कॉलरशिप परीक्षा, 21 मेधावियों को कक्षा 12 तक मिलेगी निःशुल्क शिक्षा
जखनियां, गाजीपुर। तहसील जखनियां क्षेत्र के अलीपुर मदंरा स्थित स्वर्गीय ग्राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज परिसर में डॉ. सुनीता सिंह स्कॉलरशिप परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में विद्यालय के 234 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार परीक्षा के माध्यम से चयनित होने वाले 21 मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की शिक्षा पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को पठन-पाठन की आवश्यक सामग्री, ड्रेस समेत अन्य शैक्षणिक सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा विद्यालय आने-जाने की सुविधा के लिए सभी चयनित 21 विद्यार्थियों को साइकिल भी प्रदान की जाएगी।
विद्यालय के प्रबंधक अटल कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा का उद्देश्य केवल मेधावी विद्यार्थियों का चयन करना नहीं, बल्कि आर्थिक एवं अन्य परिस्थितियों के कारण बेहतर शिक्षा से वंचित प्रतिभाओं को उचित अवसर और संस्कारयुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में किताबी ज्ञान के साथ अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना विद्यालय की प्राथमिकता है। सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर प्रतिभावान विद्यार्थी भविष्य में परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधक ने बताया कि परीक्षा में चयनित होने वाले सभी 21 छात्र-छात्राओं के सम्मान में 1 सितंबर को विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी जाएंगी।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि “बेहतर शिक्षा, बेहतर भविष्य और बेहतर राष्ट्र निर्माण” के संकल्प के साथ ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
