गाजीपुर
गृहकर बढ़ोतरी के खिलाफ सभासद ने खोला मोर्चा, 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना
जमानिया, गाजीपुर। नगर पालिका परिषद जमानिया द्वारा गृहकर में की गई कथित 10 गुना बढ़ोतरी के विरोध में सभासद ने मोर्चा खोल दिया है। बढ़े हुए गृहकर से आम जनता पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ के खिलाफ वार्ड नंबर 18 के सभासद मोहन गुप्ता ने 17 अगस्त 2026 से नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है।
सभासद मोहन गुप्ता ने कहा कि गृहकर में 10 गुना बढ़ोतरी से आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति या वार्ड से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि पूरे नगर पालिका क्षेत्र की जनता के हितों से जुड़ा मुद्दा है।
उन्होंने नगरवासियों से बढ़े हुए गृहकर के विरोध में एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। साथ ही नगर पालिका क्षेत्र के सभी सभासदों, व्यापारियों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देने का आह्वान किया।
मोहन गुप्ता ने कहा कि जनता की एकजुटता से ही बढ़े हुए गृहकर के खिलाफ आवाज को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त से नगर पालिका परिषद जमानिया कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचकर जनहित की इस लड़ाई में सहयोग करने की अपील की।
