Connect with us

जौनपुर

जौनपुर में उमड़ा तिरंगे का सैलाब, हजारों लोगों ने निकाली भव्य रैली

Published

on

Loading...
Loading...

सद्भावना पुल से शहीद स्तंभ तक गूंजा भारत माता का जयघोष, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने दिखाई हरी झंडी

जौनपुर। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत गुरुवार को जौनपुर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सद्भावना पुल से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन के सामने शहीद स्तंभ तक निकाली गई भव्य तिरंगा रैली में हजारों लोगों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

रैली में जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, छात्र-छात्राएं, शिक्षक, युवा, स्वयंसेवक, पूर्व सैनिक, महिला स्वयं सहायता समूहों, अधिवक्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से शहर का वातावरण गूंजता रहा।

मानव श्रृंखला ने खींचा ध्यान

रैली के शुभारंभ से पहले सद्भावना पुल पर छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्वयंसेवकों ने ‘हर घर तिरंगा’ मानव श्रृंखला बनाई। सफेद परिधान पहने प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर एकजुटता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से शुरुआत

तिरंगा रैली का शुभारंभ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिभागी निर्धारित मार्ग पर तिरंगा लेकर आगे बढ़े। युवाओं और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह नजर आया। रैली के माध्यम से लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई।

Advertisement

शहीद स्तंभ पर वीर सपूतों को नमन

कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने के बाद विकास भवन के सामने स्थित शहीद/क्रांति स्तंभ पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शहीद स्तंभ पर माल्यार्पण कर वीर सपूतों को नमन किया।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद करने और नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने का माध्यम है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page