गाजीपुर
विषैले जंतु के काटने से पांच वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम
खेलते समय उंगली में काटने के बाद बिगड़ी हालत, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
परिजनों की मांग पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, गांव में शोक की लहर
भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के खरडीहा गांव में विषैले जंतु के काटने से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी लाल साहेब यादव का पांच वर्षीय पुत्र बालवीर रविवार की देर शाम घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह मिट्टी से बनी पुरानी ईंट की दीवार पर चढ़ने लगा। परिजनों के अनुसार, तभी किसी विषैले जंतु ने उसकी उंगली में काट लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।
घटना के बाद परिजन पहले उसे झाड़-फूंक के लिए अमवां स्थित सत्ती माई एवं तक्षकवीर स्थान ले गए। हालत में सुधार न होने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां संजू देवी और बहन गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों की मांग पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
