गोरखपुर
विद्यालय की रसोई में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
दो बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में, गैस सिलेंडर, चूल्हा और नकदी बरामद
गोरखपुर। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कैंपियरगंज पुलिस ने विद्यालय की रसोई में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैंपियरगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कैंपियरगंज पर दर्ज मु.अ.सं. 372/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए सोनू राज पुत्र रामबेलास गौतम, निवासी गोपालपुर ढेढ़ना, थाना कैंपियरगंज, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया। साथ ही दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
विद्यालय के रसोईघर का ताला तोड़कर हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को वादिनी ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने विद्यालय के रसोईघर का दरवाजा तोड़कर गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा और अन्य रसोई सामग्री चोरी कर ली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
चोरी का सामान और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक गैस सिलेंडर, एक रेगुलेटर एवं पीली पाइप, एक स्टील का चूल्हा तथा 4,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
