मिर्ज़ापुर
राहुल गांधी का पुतला दहन करने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
मिर्जापुर। जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने 28 जुलाई को संकट मोचन चौराहे पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेताओं का पुतला दहन किए जाने का विरोध जताया तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
धरने की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल ने कहा कि यदि संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने अपने संबोधन में राहुल गांधी के छात्र एवं युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की।
कांग्रेस नेताओं ने रखी अपनी बात
प्रदर्शन के दौरान अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक भागवत प्रसाद चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस और राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है। वहीं, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक (राजन पाठक) ने पुतला दहन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसा न होने पर चक्का जाम किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर चौबे ने भी आरोपित लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं प्रवक्ता मिन्हाज अहमद ‘छोटे खान’ ने किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता और छात्रों के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में पूर्व चेयरमैन दीपचंद्र जैन, गुलाबचंद पांडेय, राजधर दुबे, राजेश मिश्रा, ज्योति, रमेशचंद्र प्रजापति, पप्पू, शकील अहमद, जनार्दन पाठक, कृष्ण गोपाल चौधरी, अर्चना चौबे सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
