मिर्ज़ापुर
गुरु पूर्णिमा पर बुढ़ेनाथ मंदिर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष, गुरु का लिया आशीर्वाद
श्रावण के प्रथम दिन किया बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक, जनकल्याण की कामना की
लाल बहादुर सरोज बोले- भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च, गुरु का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी
मिर्ज़ापुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मीरजापुर के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने नगर स्थित प्राचीन बुढ़ेनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने पूज्य योगानंद गिरी जी से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रावण मास के प्रथम दिन भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर जनकल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर लाल बहादुर सरोज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही व्यक्ति को ज्ञान, संस्कार और जीवन की सही दिशा प्रदान करते हैं तथा उनके मार्गदर्शन से व्यक्ति समाज और राष्ट्र की सेवा के योग्य बनता है।
उन्होंने जनपदवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए सभी से अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरु का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जो व्यक्ति को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौरव ऊमर, जिला मीडिया प्रभारी पं. भावेश शर्मा, क्षेत्रीय मंत्री (पिछड़ा मोर्चा) गोविन्द बिन्द, संदर्भ पाण्डेय सहित पार्टी के कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोगों ने भी गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त कर गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।
