राज्य-राजधानी
मौसम विभाग की चेतावनी: यूपी में भारी बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट
अगले 24 घंटे में पूर्वांचल में बढ़ेगी बारिश की तीव्रता
लखनऊ। बंगाल की खाड़ी पर बने गहन अवदाब के कारण मानसून सक्रिय हो गया है। पिछले दो दिनों से लखनऊ समेत पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में पूर्वांचल में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है।
भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास केंद्रित अवदाब के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में व्यापक वृद्धि हो सकती है। कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
24 जिलों में तापमान गिरने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार करीब 24 जिलों में दिन के तापमान में चार से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। बारिश के कारण प्रदेश में सामान्य वर्षा का कोटा भी पूरा होने की संभावना है। अधिकांश हिस्सों में 28 सितंबर तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
इन जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान
शनिवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, सुल्तानपुर और अयोध्या समेत आसपास के जिलों में अत्यधिक भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में रविवार तक भारी बारिश की संभावना बताई गई है।
लखनऊ में सामान्य से 3.6 डिग्री नीचे रहा तापमान
लखनऊ में गुरुवार को बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश और हवा के कारण दिन का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम होकर 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना रहा।
