गाजीपुर
राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में गाजीपुर के सूरज और अश्वनी ने जीते रजत पदक
अंडर-23 सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का बढ़ाया मान, क्षेत्र में खुशी की लहर
हरियाणा के रोहतक में शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों पर बधाइयों की बरसात
बहरियाबाद (गाजीपुर)। हरियाणा के रोहतक में आयोजित अंडर-23 सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में गाजीपुर के दो पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर जनपद और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
गाजीपुर कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष जय सिंह ‘पप्पू’ ने बताया कि 61 किलोग्राम भार वर्ग में भुजाड़ी गांव निवासी सूरज ने उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सूरज ने पहले दौर में तमिलनाडु के श्रीकांत को चित किया। दूसरे दौर में छत्तीसगढ़ के करण कुमार को 10-0 से और तीसरे दौर में सेना के शुभम को 7-4 से पराजित किया। सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश के आयुष को 8-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जहां महाराष्ट्र के वैभव से 5-1 से हारने के बावजूद उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया।
वहीं 70 किलोग्राम भार वर्ग में सराय मुबारक गांव निवासी अश्वनी यादव ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। अश्वनी ने पहले दौर में बिहार के सन्नी कुमार को 11-0 से, दूसरे दौर में हरियाणा के रिंकू को 7-4 से तथा सेमीफाइनल में महाराष्ट्र के विपुल को 11-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में सेना के नितिन से 4-0 से पराजित होने के बाद उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
मुलायम सिंह रामकरन दादा स्पोर्ट्स एकेडमी के निदेशक आशीष यादव ‘राहुल’ ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
दोनों पहलवानों की सफलता पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. विजय यादव, समाजसेवी रामबचन यादव, पूर्व प्रधान अजय यादव, क्रीड़ा अधिकारी देवी लाल यादव, गाजीपुर कुश्ती संघ के अध्यक्ष रामधार, सचिव कमलेश यादव, कुश्ती कोच प्रेमचंद्र, डॉ. रुद्र पाल, अखिलेश मास्टर, राजेश मास्टर, काशी सिंह तथा सचिव आकाश सिंह सहित अनेक लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
