गोरखपुर
युवती से अभद्रता मामले में एसएसपी का बड़ा एक्शन
लापरवाही पर थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी लाइनहाजिर, तीन पीआरवी पुलिसकर्मी निलंबित
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जांच, आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज
गोरखपुर। रामगढ़ताल क्षेत्र में युवती के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने सख्त कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर शाहपुर थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह और कौवाबाग चौकी प्रभारी दुर्गेश नंदिनी को लाइनहाजिर कर दिया गया है। वहीं मौके पर मौजूद पीआरवी के उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह, सिपाही राज मंगल सिंह और अविनाश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई की शाम रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के रेल विहार निवासी शिवांगी शुक्ला (24) अपने 75 वर्षीय बीमार पिता को उपचार के लिए कार से अस्पताल ले जा रही थीं। इसी दौरान उनकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि बाइक सवार ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद स्कॉर्पियो से पहुंचे युवकों ने युवती के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि उसके बाल पकड़कर सड़क पर पीटा गया और उसे दुष्कर्म तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो में पीआरवी के पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद दिखाई दिए। आरोप है कि उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने और पीड़िता को तत्काल सुरक्षा देने के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने मामले की जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया संबंधित पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि युवती के साथ मारपीट और अभद्रता करने वाले आरोपियों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
