मिर्ज़ापुर
माता भवानी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
श्रीरामचरितमानस का संगीतमय पाठ, विशाल भंडारे के साथ चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन
सीखड़ (मीरजापुर)। क्षेत्र के पचरॉव गांव स्थित माता भवानी मंदिर में चार दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हो गया। समापन अवसर पर श्रीरामचरितमानस का संगीतमय पाठ, पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर माता भवानी का दर्शन-पूजन किया।
मंदिर समिति के संरक्षक प्रकाश चंद्र त्रिपाठी एवं प्रतिमा त्रिपाठी ने श्रीरामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति कराई। उन्होंने बताया कि पहले यहां एक छोटा और जर्जर मंदिर था, जिसका निर्माण स्व. फेक्कन सिंह ने कराया था। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से लगभग तीन वर्षों में मंदिर का भव्य स्वरूप तैयार हुआ। उन्होंने भविष्य में भी मंदिर की पूजा-अर्चना, दीप, माला, फूल, प्रसाद तथा समय-समय पर भंडारे के आयोजन में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
नारायण गृहस्थ आश्रम, नारायण नगर पचरॉव के प्रबंधक विचित्रानंद ने गांव की धार्मिक परंपरा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पचरॉव गांव मां गंगा के पावन तट पर स्थित एक प्राचीन धार्मिक स्थल है। यहां विभिन्न देवी-देवताओं के कुल 33 मंदिर हैं, जिनमें अनेक शिवालय भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि गांव में सभी समुदायों के लोग आपसी सौहार्द और धार्मिक सद्भाव के साथ रहते हैं तथा विभिन्न धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
इस अवसर पर भावी प्रधान पद के उम्मीदवार सुशील तिवारी ने मंदिर के नियमित रखरखाव और धार्मिक आयोजनों के लिए माता भवानी मंदिर के नाम से बैंक खाता खोलने का सुझाव दिया, ताकि सहयोग राशि का पारदर्शी उपयोग मंदिर के विकास एवं रखरखाव में किया जा सके।
धार्मिक अनुष्ठान के मुख्य यजमान शमीर मिश्रा उर्फ डब्बू मिश्रा एवं उनकी पत्नी ममता मिश्रा रहे। वैदिक अनुष्ठान आचार्य उदयराज पांडेय, पंडित रामबालक त्रिपाठी, पंडित गजाधर मिश्रा, आचार्य अंबुज मिश्रा, आचार्य अश्वनी मिश्रा, पंडित चंद्रधर पांडेय तथा पंडित सोनू तिवारी सहित अन्य विद्वान पुरोहितों ने संपन्न कराया।
कार्यक्रम के अंत में मंदिर समिति के उपाध्यक्ष हिमांशु तिवारी उर्फ सोनू तिवारी ने सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
