वाराणसी
महाकुंभ 2025: तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के लिए डीसीपी और एसडीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
वाराणसी। आगामी महाकुंभ मेला-2025 के दौरान तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार और पिंडरा एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान ज्ञानदायिनी महिला महाविद्यालय (परमपुर, थाना जंसा), काशी कृषक इंटर कॉलेज (हरहुआ, थाना बड़ागांव), राम मनोहर लोहिया महाविद्यालय और अंबिका प्रसाद सिंह इंटर कॉलेज (भैरव तालाब, थाना राजातालाब) का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने इन स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधाएं और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति की जांच की।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने निर्देश दिए कि सभी स्थानों पर मूलभूत सुविधाओं को समय रहते सुनिश्चित किया जाए, ताकि तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर बेहतर प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने कहा कि महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं का विस्तार करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों और संबंधित विभागों से अनुरोध किया कि वे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पूरी तत्परता से कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार पिंडरा विकास कुमार पांडे, सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब व पिंडरा, और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए योजनाओं को समय पर क्रियान्वित करने पर जोर दिया।
