गोरखपुर
बेतियाहाता में कूड़ा वाहन के अंदर मिला चालक का शव
नगर निगम के आउटसोर्सिंग चालक ने दो माह पहले की थी लव मैरिज, जांच में जुटी पुलिस
पानी की टंकी परिसर में खड़ी गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर फंदे से लटका मिला शव
गोरखपुर। बेतियाहाता इलाके में बुधवार को नगर निगम के कूड़ा उठाने वाले वाहन के अंदर चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ निवासी 21 वर्षीय मुकेश पासवान के रूप में हुई है। मुकेश गोरखपुर नगर निगम में आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत कूड़ा उठाने वाले वाहन का चालक था।
ड्राइविंग सीट पर फंदे से लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार बुधवार को मुकेश की ड्यूटी वाली कूड़ा उठाने की गाड़ी बेतियाहाता स्थित पानी की टंकी परिसर में खड़ी मिली। स्थानीय लोगों ने जब वाहन के अंदर देखा तो ड्राइविंग सीट पर मुकेश का शव पेड़ से बंधी रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लव मैरिज के बाद परिवारों में था विरोध
बताया जा रहा है कि मुकेश ने करीब दो महीने पहले दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम विवाह किया था। इस शादी का दोनों परिवारों की ओर से विरोध किया गया था। इसके बाद दंपती गांव छोड़कर शहर में किराये के मकान में रह रहे थे।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
