वाराणसी
बूथ स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत किया जाएगा : बीएम संदीप
काशी पहुंचे राष्ट्रीय सचिव, 11 से 20 अगस्त तक चलेगा संगठन सृजन अभियान; कार्यकर्ताओं से होगा संवाद
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत, सक्रिय और जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं संगठन सृजन अभियान के प्रभारी समन्वयक बीएम संदीप मंगलवार को काशी पहुंचे। उन्होंने मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में पत्रकार वार्ता कर अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ जनता के बीच लगातार सक्रिय बनाया जाएगा।
बीएम संदीप ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में संगठन को सशक्त बनाने का निर्णय लिया है। इसी उद्देश्य से जिलों में प्रवास कर संगठन सृजन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन केवल पदों का गठन नहीं, बल्कि जमीनी कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं और चुनावी अनुभव रखने वाले लोगों के विचारों के आधार पर मजबूत संगठन तैयार करने की प्रक्रिया है।
महानगर से वार्ड स्तर तक होगा गठन
उन्होंने बताया कि संगठन सृजन का कार्य महानगर, जिला, ब्लॉक, मंडल और वार्ड स्तर तक किया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ विचार-विमर्श के अलावा फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों, पार्षद दल, वार्ड अध्यक्ष, वार्ड प्रभारी तथा वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों से संवाद किया जाएगा। विधानसभा, लोकसभा और नगर निकाय चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों तथा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं से भी सुझाव लिए जाएंगे।
11 से 20 अगस्त तक चलेगा अभियान
बीएम संदीप ने बताया कि 11 से 14 अगस्त तक वाराणसी महानगर कांग्रेस के संगठन सृजन का कार्य पूरा किया जाएगा। 15 अगस्त तक इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार होगी। इसके बाद 16 से 20 अगस्त तक जिले के संगठन सृजन का अभियान चलेगा। इस दौरान सभी मंडलों, ब्लॉकों और वार्डों की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य ऐसा संगठन तैयार करना है, जो बूथ और वार्ड स्तर पर मजबूत हो तथा जनता के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहे। समर्पित और जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने के साथ प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। आगामी चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ताओं को जनता के मुद्दों पर लगातार संघर्ष के लिए तैयार किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता का संचालन महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया। इस दौरान सलमान बशर, दयाशंकर पांडेय, लल्लन पटेल, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, दुर्गाप्रसाद गुप्ता समेत कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
