गाजीपुर
बिजली तारों से सटी पेड़ों की टहनियों पर चला विद्युत विभाग का अभियान
बरसात में फाल्ट और हादसों की आशंका को देखते हुए कटाई-छंटाई
जमानिया। बरसात के मौसम में बिजली के तारों से सटकर बढ़ी पेड़ों की हरी टहनियां विद्युत आपूर्ति में बाधा और हादसे का कारण न बनें, इसे लेकर विद्युत विभाग ने नगर में कटाई-छंटाई अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को विभागीय टीम ने ब्लॉक तिराहा के पास बिजली के तारों के ऊपर और आसपास फैली पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई कराई।
तेज हवा और बारिश में बढ़ जाता है खतरा
पेड़ों की शाखाएं बिजली के तारों के काफी करीब पहुंच जाने से तेज हवा और बारिश के दौरान तारों के आपस में टकराने और विद्युत फाल्ट की आशंका बनी रहती है। कई बार टहनियां तारों पर गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए विभाग ऐसे स्थानों को चिन्हित कर टहनियों की छंटाई करा रहा है।

ब्लॉक तिराहा पर की गई कटाई-छंटाई
शुक्रवार को ब्लॉक तिराहा पर अभियान के दौरान कर्मचारियों ने बिजली लाइनों के आसपास फैली शाखाओं को व्यवस्थित तरीके से काटकर हटाया। विभाग की कार्रवाई से स्थानीय लोगों को भी राहत मिली। अधिकारियों ने बताया कि नगर के अन्य इलाकों में भी जहां पेड़ों की शाखाएं बिजली के तारों से सटकर या उनके ऊपर फैली हैं, वहां चरणबद्ध तरीके से कटाई-छंटाई कराई जाएगी।
निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास
जमानिया उपखंड अधिकारी लोकेश कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए बिजली के तारों से लगी हरे पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई कराई जा रही है। इसका उद्देश्य विद्युत फाल्ट की संभावना को कम करना और लोगों की सुरक्षा के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखना है।
