गोरखपुर
बारिश में धंसी रामजानकी मार्ग की सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल
गोला-उरुवा मार्ग पर तीन फुट हिस्सा धंसने से आवागमन प्रभावित, तकनीकी जांच और कार्रवाई की मांग
पहली तेज बारिश में सड़क धंसने पर स्थानीय लोगों ने ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की उठाई मांग
गोरखपुर। गोला उपनगर के पश्चिम चौराहे पर गोला-उरुवा मार्ग स्थित नाथे बैट्री की दुकान के सामने रविवार सुबह हुई बारिश के बाद रामजानकी मार्ग की सड़क अचानक धंस गई। सड़क का करीब तीन फुट चौड़ा और लगभग उतना ही लंबा हिस्सा धंस जाने से गहरा गड्ढा बन गया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।
स्थानीय लोगों के अनुसार रामजानकी मार्ग के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके हैं। कभी निर्माण कार्य की धीमी गति, कभी सड़क पूरी होने से पहले डिवाइडर निर्माण और कभी अधूरे मार्ग पर हुई दुर्घटनाओं को लेकर यह परियोजना लगातार विवादों में रही है।
रविवार रात हुई भारी बारिश के बाद सड़क धंसने से लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हुआ होता, तो पहली ही तेज बारिश में सड़क इस तरह नहीं धंसती।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से सड़क की तकनीकी जांच कराने, दोषी ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त हिस्से की शीघ्र मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
