गोरखपुर
फोरलेन किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर। जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा जैनपुर लेहनी टोला स्थित पुराने पेट्रोल पंप के पास फोरलेन किनारे शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे गड्ढे में पड़े युवक पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गुलरिहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि उसका शव गड्ढे में कीचड़ से सना हुआ मिला और उसका चेहरा जमीन की ओर धंसा हुआ था, जिससे स्थानीय लोगों में हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक नीले रंग की टी-शर्ट, आसमानी रंग की जींस और ब्रांडेड बेल्ट पहने हुए था।
