गोरखपुर
पारिवारिक कलह से परेशान युवक ने नदी में लगाई छलांग, नाविकों ने बचाई जान
गोरखपुर। बड़हलगंज क्षेत्र में पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने पुल से सरयु नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद नाविकों की सतर्कता और बहादुरी से युवक की जान बच गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई तथा स्थानीय लोगों ने पुल पर सुरक्षा जाली लगाए जाने की मांग तेज कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक काफी देर तक पुल पर खड़ा था। अचानक उसने सरयु नदी में छलांग लगा दी। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। नदी किनारे मौजूद नाविक तुरंत नाव लेकर युवक को बचाने के लिए नदी में उतर गए और काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही बड़हलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पूछताछ में सामने आया कि युवक घरेलू कलह और मानसिक तनाव से परेशान था। पुलिस ने उसके परिजनों को भी सूचना दे दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल से पहले भी कई लोग आत्महत्या का प्रयास कर चुके हैं। लगातार घटनाओं के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने प्रशासन से पुल पर ऊंची लोहे की जाली लगाने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
नाविकों की सूझबूझ और साहस की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि नाविक समय रहते युवक को नहीं बचाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
