वाराणसी
प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के साथ दो गिरफ्तार
रामनगर (वाराणसी)। चाइनीज मांझा की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए शुक्रवार को अभियान चलाया। इस दौरान सुल्तानपुर कबीरपुर और साहित्यंनाका क्षेत्र में छापेमारी कर 28 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि नगर और आसपास के क्षेत्रों में चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कस्बा प्रभारी गौरव सिंह के नेतृत्व में सुल्तानपुर कबीरपुर बाजार में छापा मारा गया। यहां अभिषेक कुमार गुप्ता पुत्र राजेश गुप्ता की दुकान से 23 किलो प्रतिबंधित मांझा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, यह दुकान पिछले कई वर्षों से चाइनीज मांझा बेच रही थी।
दूसरी कार्रवाई में भीटी चौकी प्रभारी अमीर बहादुर सिंह की टीम ने साहित्यंनाका मोहल्ले में छापेमारी कर 4.50 किलो चाइनीज मांझा बरामद किया। मौके से रोहित गुप्ता पुत्र विजय गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।
सूचना तंत्र सक्रिय, दुकानदारों में हड़कंप
पुलिस ने चाइनीज मांझा बेचने वालों की धरपकड़ के लिए मुखबिरों का जाल बिछाया था। छापेमारी की खबर लगते ही कई दुकानदारों ने अपने गोदामों से मांझा हटाने की कोशिश की।
पुलिस की इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अंशु पांडेय, कांस्टेबल गंगा प्रसाद वर्मा, और राहुल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। स्थानीय नागरिकों ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि चाइनीज मांझा कई बार लोगों की जान के लिए खतरा बन चुका है। पुलिस का यह अभियान जनहित में बेहद जरूरी है।
