वाराणसी
पिंडरा बार असोसिएशन शपथ समारोह संपन्न
पिंडरा (वाराणसी)। तहसील बार असोसिएशन पिंडरा के वार्षिक चुनाव के बाद शुक्रवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य हरिशंकर सिंह ने कहा कि वकीलों की पहचान उनकी काली कोट है न कि उनकी जाति या धर्म।
काली कोट ही उन्हें न्याय और सम्मान दिलाने का माध्यम बनती है। उन्होंने वकीलों के हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की आवश्यकता पर जोर दिया और इसके लिए हमेशा खड़े रहने का आश्वासन दिया।इस दौरान हरिशंकर सिंह ने पिंडरा बार को लाइब्रेरी के लिए 70 हजार रुपये की किताबें उपलब्ध कराने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रविशंकर सिंह ने तहसील परिसर में इंटरलॉकिंग और टिन शेड लगवाने की घोषणा की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई और अंत में अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व बार अध्यक्ष कमला प्रसाद मिश्रा ने की, जबकि स्वागत बार अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल ने किया।
संचालन जवाहरलाल वर्मा और अश्वनी मिश्रा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री सुधीर कुमार सिंह ने दिया। इस मौके पर ग्रामीण न्यायालय के जज सत्यम सिंघल, एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, एसडीएम न्यायिक प्रज्ञा सिंह, तहसीलदार विकास पांडेय, ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र विश्वकर्मा, सिद्धार्थ सिंह, पवन सिंह, बनारस बार अध्यक्ष सतीश तिवारी, सेंट्रल बार अध्यक्ष सहित कई अधिवक्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
