गोरखपुर
नीम के पेड़ से लटकता मिला 52 वर्षीय व्यक्ति का शव
मानसिक बीमारी से पीड़ित था मृतक, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
गोलाबाजार (गोरखपुर)। बेलघाट थाना क्षेत्र के जीतवारपुर गांव में शुक्रवार को एक 52 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के पास नीम के पेड़ से फंदे के सहारे लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान रामशिला मौर्य (52) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए निकले, तब उन्होंने घर के समीप स्थित नीम के पेड़ पर रामशिला मौर्य का शव लटकता देखा। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने तत्काल बेलघाट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार रामशिला मौर्य पिछले कुछ समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित थे। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।:::
