Connect with us

वाराणसी

नहर से अधेड़ का सड़ा-गला शव बरामद, जेब से मिला खराब मोबाइल

Published

on

Loading...
Loading...

हत्या या हादसा के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के मोलनापुर गांव के पास वाराणसी-गाजीपुर हाईवे किनारे नहर की पुलिया में एक अधेड़ व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिया से उठ रही तेज दुर्गंध के बाद जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो शव पानी में फंसा हुआ मिला।

सूचना मिलते ही चौबेपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की जेब से एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ, जो पानी में भीगने से खराब हो चुका था। इसी मोबाइल से फिंगरप्रिंट लेकर पुलिस ने शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक ने जींस पैंट और चेकदार शर्ट पहन रखी थी। शव कई दिनों पुराना होने के कारण फूल चुका था और सड़-गलने की स्थिति में था। ग्रामीणों का अनुमान है कि शव नहर में बहते हुए यहां आकर फंसा होगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में नहर में गिरने या फिर हत्या कर शव फेंके जाने का हो सकता है। जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

Advertisement

गौरतलब है कि 12 अगस्त को भी चौबेपुर क्षेत्र के रजवारी हवाई पट्टी पर 22 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ था। अब दो हफ्तों में क्षेत्र से दो अज्ञात शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई जाएगी, जिससे यह पता लगाया जा सके कि मृत्यु या हत्या कहां हुई और उस समय आसपास कौन-कौन मोबाइल सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page