गोरखपुर
धनौड़ा बुजुर्ग में आग का कहर, शादी से पहले लाखों की नकदी और जेवर राख
दो माह बाद होनी थी शादी, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से लगाई आर्थिक सहायता की गुहार
बांसगांव (गोरखपुर)। बांसगांव थाना क्षेत्र के धनौड़ा बुजुर्ग गांव में आग लगने से एक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में घर में रखा सामान अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया।
शादी के लिए रखी नकदी और जेवर जलकर खाक
पीड़ित रवि कुमार ने बताया कि घर में दो महीने बाद शादी होनी थी, जिसके लिए करीब 3 लाख रुपये नकद और लगभग 4.5 लाख रुपये के जेवर सुरक्षित रखे गए थे। आग की लपटों में यह पूरी जमा-पूंजी जलकर राख हो गई। परिवार ने सामान बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण कुछ भी सुरक्षित नहीं निकाला जा सका।
आर्थिक मदद की मांग
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में सहयोग किया। हादसे के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
