गोरखपुर
दुकान में घुसकर मारपीट और पांच लाख की रंगदारी मांगने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
स्कॉर्पियो, दो मोबाइल और 7,100 रुपये बरामद; बड़हलगंज पुलिस ने की कार्रवाई
गोरखपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़हलगंज पुलिस ने दुकान में घुसकर मारपीट करने, पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त रमेश निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, दो मोबाइल फोन और 7,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
साथियों के साथ दुकान में घुसने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को वादी अपनी दुकान के अंदर बैठे थे। इसी दौरान रमेश निषाद अपने साथियों के साथ हूटर बजाते हुए स्कॉर्पियो से वहां पहुंचा। आरोप है कि सभी दुकान के अंदर घुस गए और वादी के साथ लात-घूंसों तथा चप्पलों से मारपीट करते हुए गाली-गलौज की।
पांच लाख रुपये की मांगी रंगदारी
आरोप है कि अभियुक्तों ने वादी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये नहीं देने पर मकान गिरवाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर बड़हलगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
कई मुकदमों में दर्ज है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रमेश निषाद पुत्र रामअधीन निषाद, निवासी ग्राम बहसुआ, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ बड़हलगंज, मदनपुर देवरिया समेत विभिन्न थानों में मारपीट, हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, धमकी सहित कई गंभीर धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने यह सामान किया बरामद
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन, दो मोबाइल फोन और 7,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में हुई गिरफ्तारी
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बड़हलगंज अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे।
