Connect with us

गोरखपुर

दिवानी कचहरी से बाइक चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, मास्टर चाबी से उड़ाते थे वाहन, नेपाल में बेचने का खुलासा

गोरखपुर। वाहन चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कैंट पुलिस ने दिवानी कचहरी परिसर से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी के वाहनों को नेपाल में बेचने की बात कबूल की है।

पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अतुल कुमार वर्मा की टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गीडा थाना क्षेत्र निवासी राम आशीष चौहान उर्फ प्रधान, चिलुआताल निवासी ऋषिकेश यादव उर्फ कोइल और सहजनवा निवासी ओमकार जायसवाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को दिवानी कचहरी परिसर से दो अलग-अलग मोटरसाइकिलें चोरी हुई थीं। पीड़ितों की तहरीर पर कैंट थाने में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की दोनों बाइक बरामद कर ली।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि राम आशीष और ऋषिकेश पहले पार्किंग और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। इसके बाद मास्टर चाबी और हैंडल लॉक खोलने की तकनीक का इस्तेमाल कर बाइक चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहन ओमकार जायसवाल की कबाड़ की दुकान पर छिपा दिए जाते थे। मौका मिलने पर इन्हें नेपाल ले जाकर बेच दिया जाता था।

Advertisement

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ा दी हैं। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी राम आशीष और ऋषिकेश के खिलाफ पहले से भी चोरी, लूट, गैंगस्टर और अन्य गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page