बलिया
डेढ़ माह से अंधेरे में रतसर, स्ट्रीट लाइटें बंद होने से बढ़ा खतरा
चोरी और हादसों की आशंका से नगरवासी परेशान, कनेक्शन काटने पर विभाग से मांगा जवाब
रतसर (बलिया)। नगर पंचायत रतसर में पिछले करीब डेढ़ माह से स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण शाम होते ही नगर की सड़कें और गलियां अंधेरे में डूब जा रही हैं। मुख्य बिजली आपूर्ति चालू होने के बावजूद स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काट दिए जाने से राहगीरों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अंधेरे से बढ़ी चोरी और हादसों की आशंका
स्ट्रीट लाइटें बंद होने से शाम के बाद नगर की सड़कों पर अंधेरा छा जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे के कारण आवागमन में परेशानी के साथ ही चोरी और अन्य अप्रिय घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि शाम के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
नगर पंचायत ने बकाया से किया इनकार
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) मृदुल सिंह ने बताया कि नगर पंचायत पर विद्युत विभाग का कोई बकाया नहीं है। इसके बावजूद स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन क्यों काटा गया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं, बिजली विभाग के जेई जियाउद्दीन रिजवी से मामले में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका।
कनेक्शन बहाल करने की मांग
करीब डेढ़ माह से समस्या झेल रहे नगरवासियों में विभागीय रवैये को लेकर नाराजगी है। लोगों ने विद्युत विभाग और नगर पंचायत प्रशासन से आपसी समन्वय स्थापित कर स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन तत्काल बहाल करने की मांग की है, ताकि रात के समय लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और संभावित घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
