मिर्ज़ापुर
ट्रांसफार्मर फुंकने से पाल बस्ती में बिजली संकट, पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण
मिर्जापुर। भीषण गर्मी के बीच राजगढ़ विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामपुर 38 स्थित पहड़ी इलाके की पाल बस्ती में पिछले पांच दिनों से बिजली संकट गहराया हुआ है। बस्ती में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासी प्रेम बहादुर यादव के घर के पास लगा ट्रांसफार्मर 22 मई को अचानक फुंक गया था। इसके बाद से बस्ती अंधेरे में डूबी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई और ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।बिजली आपूर्ति बाधित होने से नलकूप और पानी के पंप बंद पड़े हैं।
इसके चलते लोगों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि विभागीय उदासीनता का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
