मिर्ज़ापुर
16 मई से शुरू होंगी माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की स्नातक द्वितीय सेमेस्टर परीक्षाएं
मिर्जापुर। माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में 16 मई 2026 से शुरू होने वाली स्नातक द्वितीय सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
परीक्षा नियंत्रक ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 मई से प्रारम्भ होंगी। परीक्षाएं नकलविहीन, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी। सभी केन्द्राध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा से पूर्व अपने-अपने केन्द्रों के सीसीटीवी कैमरों की जांच सुनिश्चित कर लें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा विद्यार्थियों को पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर अनुशासन और शुचिता बनाए रखते हुए परीक्षा सम्पन्न कराने पर जोर दिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए मीरजापुर में 51, सोनभद्र में 32 तथा भदोही में 16 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त कुल 20 नोडल केन्द्र भी निर्धारित किए गए हैं, जिनमें मीरजापुर में 11, सोनभद्र में 5 और भदोही में 4 केन्द्र शामिल हैं।बैठक में प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों की भी समीक्षा की गई। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि लगभग 90 प्रतिशत परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि शेष परिणाम प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक प्राप्त न होने के कारण लंबित हैं।
