गोरखपुर
झारखंडी महादेव शिवालय में उमड़ा आस्था का सैलाब
दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में अखंड राम नाम संकीर्तन, रुद्राभिषेक और भजन संध्या का आयोजन
गोला बाजार (गोरखपुर)। विकासखंड गोला अंतर्गत ग्राम पंचायत रकौली तथा ग्राम झरकटा/भदौरा के अंतिम छोर पर स्थित प्राचीन स्वयंभू झारखंडी महादेव शिवालय में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम बना। आयोजन में दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
24 घंटे गूंजा राम नाम का संकीर्तन
धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ 24 घंटे के अखंड संगीतमय राम नाम संकीर्तन से हुआ। इसके बाद सामूहिक रुद्राभिषेक, विशाल भंडारे और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिवालय परिसर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा।

भजन संध्या ने बांधा समां
आयोजन के दौरान पूर्वांचल के प्रसिद्ध लोक एवं भजन गायक तथा ‘सरयू रत्न’ सम्मान से सम्मानित श्री मनोज मधुर की भव्य भजन संध्या आयोजित हुई। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
युवाओं का योगदान रहा सराहनीय
इस धार्मिक आयोजन की विशेषता युवाओं का समर्पण रहा। आयोजन समिति के सदस्यों ने कई दिनों तक लगातार मेहनत कर मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, श्रद्धालुओं के स्वागत, महाप्रसाद वितरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला।
आयोजन को सफल बनाने में नागेंद्र नाथ दूबे (पंकज), सुधांशू दूबे (सत्यम), नितेश तिवारी, कृष्णम तिवारी ‘भूकंप बाबा’, राहुल दूबे, अभय तिवारी, आलोक तिवारी, वैभव दूबे, जयप्रकाश यादव, संजय यादव, करन गुप्ता, आशीष गुप्ता, सत्यपाल यादव, अश्वनी गुप्ता, शिवम गुप्ता, राजपाल, लालविहारी और दिनेश यादव सहित आयोजन समिति के सभी सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
युवाओं ने निस्वार्थ भाव से सेवा करते हुए आयोजन को सफल बनाया और धार्मिक कार्यक्रम में सामाजिक सहयोग एवं एकजुटता की मिसाल पेश की।
