गोरखपुर
मासूम बालिका से दुष्कर्म व हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन
दोषियों को फांसी की सजा और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
गोला बाजार (गोरखपुर)। जनपद में 10 वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हुई निर्मम हत्या की घटना को लेकर सोमवार को गोला तहसील के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग उठाई।
गोला तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रन्तिदेव मिश्र और महामंत्री आमोद गौड़ के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी गोला मनीष कुमार को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर आरोपियों को शीघ्र फांसी की सजा दिलाई जाए।
कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि मासूम बालिका के साथ हुई यह घटना बेहद अमानवीय और हृदयविदारक है। इस जघन्य वारदात ने पूरे अधिवक्ता समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने घटना में बरती गई लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बालिका की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही प्रदेश में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
विरोध दिवस के रूप में मनाया गया दिन
अधिवक्ताओं ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषियों को कड़ा संदेश देना जरूरी है। उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार त्वरित कार्रवाई करे और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए।
इस अवसर पर गोला तहसील के बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर कठोर कार्रवाई की मांग की।
