गाजीपुर
जन्मदिन पर सेवा, पर्यावरण और आस्था का अनूठा संगम
डॉ. आशीष कुमार राय ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण, हवन-पूजन व भंडारे का आयोजन
भांवरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी एवं समाजवादी पार्टी की कर्नाटक इकाई के प्रदेश सचिव डॉ. आशीष कुमार राय ने अपना 42वां जन्मदिन सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया। इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
21 फलदार पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान आम, अमरूद, कटहल, श्रीफल, नींबू और करौंदा सहित 21 फलदार एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डॉ. आशीष कुमार राय ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
हवन-पूजन और भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
उन्होंने कहा कि हवन-पूजन एवं भंडारे का उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर भारत एक्सप्रेस के सीएमडी उपेंद्र राय, हरिशंकर राय, मिंटू राय, अधिवक्ता अनुपम राय, जयप्रकाश राय, आशुतोष राय, चंद्र प्रकाश मौर्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
