वाराणसी
छत के रास्ते घर में घुसे चोर, लाखों के गहनों पर किया हाथ साफ
वाराणसी। जिले के लोहता थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव में बीती रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीआरवी टीम और कोटा चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अनिल सिंह पुत्र देवनाथ सिंह के परिवार के सदस्य रात में घर के मुख्य गेट को बंद कर बाहर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर छत के रास्ते घर के भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। अलमारी के ऊपर ही लॉकर की चाबी भी रखी हुई थी।

बताया गया कि चोर लॉकर खोलकर दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमका, एक सोने की अंगूठी और एक जोड़ी चांदी की पायल लेकर फरार हो गए। पीड़िता मायादेवी ने बताया कि सुबह करीब चार बजे जब वह शौच के लिए पहुंचीं तो घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और लॉकर खुले पड़े थे तथा सामान बिखरा हुआ था।
लोहता थाना प्रभारी दिग्विजय उपाध्याय ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी परिचित व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका नहीं मिली है। मकान निर्माणाधीन होने के कारण चोरों के लिए घर तक पहुंचना आसान रहा। शनिवार रात पड़ोस में एक रिसेप्शन कार्यक्रम भी था, जिसकी वजह से आवाजाही अधिक थी। सूचना मिलने पर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
