गोरखपुर
गोरखपुर में एसटीएफ-पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर
आजमगढ़ का वांछित अपराधी मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू मारा गया, मुख्य आरक्षी भी घायल
हत्या, हत्या के प्रयास समेत 10 संगीन मुकदमे थे दर्ज, मौके से पिस्टल, बाइक और कारतूस बरामद
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और खोराबार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार देर रात एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। मुठभेड़ के दौरान एक मुख्य आरक्षी भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे रामनगर-कड़जहा फोरलेन पर एसटीएफ और खोराबार पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू पुत्र जमालुद्दीन, निवासी खुदनपुर, थाना मेहनगर, जनपद आजमगढ़, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया।
मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक .32 बोर पिस्टल, एक मोटरसाइकिल तथा भारी मात्रा में खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू पर हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस हिरासत से फरार होने, धमकी और चोरी सहित कुल 10 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज थे। वह वर्ष 2021 से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र में भी मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
