गोरखपुर
गोरखपुर में ई-रिक्शा चोर गिरोह का पर्दाफाश, 4 चोरी की ई-रिक्शा बरामद
एक आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में; कैंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चोरी की वारदातों का खुलासा, बरामदगी के बाद मुकदमे में बढ़ाई गईं अतिरिक्त धाराएं
गोरखपुर। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार ई-रिक्शा बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कैंट में दर्ज मु.अ.सं. 358/2026 एवं 359/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू पुत्र अनिल कुमार, निवासी गीडा सेक्टर-22, थाना गीडा, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया। साथ ही दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को थाना कैंट क्षेत्र से दो अलग-अलग ई-रिक्शा चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार ई-रिक्शा बरामद कीं। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) एवं 317(5) की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि दोनों बाल अपचारियों को नियमानुसार बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नवीन कुमार राय, उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव तथा कांस्टेबल दिनेश यादव, अभिषेक यादव और शशि यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
