गोरखपुर
गैंगस्टर के बैंक खाते में जमा 36,617 रुपये जब्त
चारपहिया वाहन चोरी कर नंबर प्लेट बदलने और बेचने का आरोप, डीएम के आदेश पर हुई कार्रवाई
गोरखपुर (ब्यूरो चीफ राम जोखन पांडेय, जयदेश)। संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी देवेंद्र कुमार रावत उर्फ सोनू रावत के बैंक खाते में जमा 36,617.18 रुपये जब्त कर लिए हैं। जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथियों आकाश वर्मा उर्फ बंटी, प्रवास दुबे उर्फ विक्की और अंशिका सिंह के साथ मिलकर चारपहिया वाहन चोरी करता था। आरोप है कि चोरी किए गए वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उनका इस्तेमाल किया जाता था और बाद में उन्हें बेच दिया जाता था। इन गतिविधियों से अर्जित धन से संपत्ति बनाने का भी आरोप है।
इस मामले में कैंट थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी के खिलाफ खोराबार थाने में भी भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह की भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
