गाजीपुर
गाजीपुर में स्व. सरवत महमूद ख़ाँ की स्मृति में होगा भव्य श्रद्धांजलि एवं स्मारिका परिचर्चा कार्यक्रम
मानवाधिकार, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार उन्मूलन पर होगा मंथन, देशभर के पदाधिकारी होंगे शामिल
स्व. सरवत महमूद ख़ाँ के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास : डॉ. वसीम रज़ा अंसारी
बहरियाबाद/गाजीपुर (जयदेश)। राष्ट्रीय मानवाधिकार एण्ड एंटी करप्शन मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. वसीम रज़ा अंसारी ने घोषणा की है कि संगठन के पूर्व संरक्षक स्वर्गीय सरवत महमूद ख़ाँ की पावन स्मृति में शीघ्र ही गाजीपुर में एक भव्य श्रद्धांजलि एवं स्मारिका परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तिथि और स्थान की घोषणा जल्द की जाएगी।
डॉ. अंसारी ने बताया कि स्वर्गीय सरवत महमूद ख़ाँ की स्मृति में प्रकाशित “स्मारिका – सरवत महमूद ख़ाँ” का लखनऊ में विभिन्न गरिमामय कार्यक्रमों के दौरान सफलतापूर्वक लोकार्पण हो चुका है। अब गाजीपुर में आयोजित होने वाला कार्यक्रम उनके प्रेरणादायी जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व तथा समाज सेवा, मानवाधिकार संरक्षण, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार उन्मूलन के क्षेत्र में दिए गए योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सरवत महमूद ख़ाँ संगठन के संस्थापक सदस्यों में अग्रणी एवं पूर्व संरक्षक रहे। उन्होंने अपने पूरे जीवन में सादगी, ईमानदारी, मानवता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा संगठन को मजबूत आधार प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके आदर्श आज भी संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
डॉ. अंसारी ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश, मंडल, जिला एवं तहसील स्तर के पदाधिकारियों के अलावा समाजसेवी, बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, अधिवक्ता, पत्रकार तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वर्गीय सरवत महमूद ख़ाँ को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही उनके सम्मान में प्रकाशित स्मारिका पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि मानवाधिकार संरक्षण, सामाजिक न्याय, पारदर्शी व्यवस्था और भ्रष्टाचार-मुक्त भारत के निर्माण के लिए जनजागरूकता का एक प्रभावी मंच भी बनेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने और स्वर्गीय सरवत महमूद ख़ाँ के सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
