Connect with us

गोरखपुर

गलत दिशा से जा रही बाइक कार से टकराई, तीन युवक गंभीर

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर हादसा, बाइक और कार गड्ढे में गिरी; चालक मौके से फरार

गोरखपुर। गगहा क्षेत्र में गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर शुक्रवार रात करीब नौ बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से जा रही एक बाइक की सामने से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार हवा में उछल गए, जबकि कार और बाइक दोनों अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बने गड्ढे में जा गिरीं। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गगहा क्षेत्र के जगदीशपुर भलुवान निवासी विशाल (18), तबरेज (17) और इरफान (17) एक ही बाइक पर सवार होकर हाईवे पर गलत दिशा से जा रहे थे। सिलनी पुलिया के पास गोरखपुर की ओर से बड़हलगंज जा रही तेज रफ्तार कार से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग राहत कार्य में जुट गए।

स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल गगहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कोशिश शुरू की। एसएसआई राजवीर सिंह यादव ने बताया कि गड्ढे में गिरी कार को बाहर निकालने के लिए एनएचएआई से मदद मांगी गई थी, लेकिन अधिकारियों ने इसे अपनी जिम्मेदारी मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने अपने स्तर पर आगे की कार्रवाई शुरू की।

Advertisement

पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page