Connect with us

मिर्ज़ापुर

खजूर की बागवानी से बढ़ेगी किसानों की आय

Published

on

Loading...
Loading...

प्रति हेक्टेयर 1.40 लाख का अनुदान

मीरजापुर में 36 किसान हुए लाभान्वित, उद्यान विभाग दे रहा वैज्ञानिक खेती का तकनीकी मार्गदर्शन

मीरजापुर। किसानों की आय बढ़ाने और पारंपरिक खेती के साथ बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से एकीकृत बागवानी मिशन के तहत खजूर की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। योजना के अंतर्गत खजूर का बाग लगाने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 1 लाख 40 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। इससे किसानों की शुरुआती लागत कम होने के साथ दीर्घकाल में आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने बताया कि मीरजापुर जनपद में अब तक 36 किसान खजूर की बागवानी योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। अनुदान के साथ विभाग द्वारा तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराए जाने से किसानों का रुझान खजूर की खेती की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि खजूर दीर्घकालिक फलदार फसल है। बेहतर उत्पादन और बाजार उपलब्ध होने पर यह किसानों के लिए अतिरिक्त आय का माध्यम बन सकती है। योजना का उद्देश्य किसानों को परंपरागत फसलों के साथ अधिक मूल्य वाली बागवानी फसलों से जोड़ना है।

Advertisement

पौध चयन से संरक्षण तक मिलेगा मार्गदर्शन

उद्यान विभाग की ओर से किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले पौधों के चयन, वैज्ञानिक विधि से बाग लगाने, सिंचाई प्रबंधन, पौध संरक्षण और रखरखाव से संबंधित तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन लेने और बाग को व्यवस्थित ढंग से विकसित करने में मदद मिलेगी।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि किसानों को बागवानी से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना योजना का प्रमुख उद्देश्य है। खजूर जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती बढ़ने से किसानों की आय के नए स्रोत विकसित होने के साथ जिले में बागवानी का क्षेत्रफल भी बढ़ेगा।

उद्यान विभाग को उम्मीद है कि आने वाले समय में अधिक किसान योजना से जुड़कर खजूर की बागवानी अपनाएंगे और उपलब्ध सरकारी सहायता एवं तकनीकी मार्गदर्शन का लाभ उठाएंगे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page