Connect with us

मिर्ज़ापुर

लोन दिलाने के नाम पर ठगी के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

Published

on

Loading...
Loading...

समाधान माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप, डीएम ने दिए जांच और एफआईआर के निर्देश

सैकड़ों महिलाओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, राशि वापस दिलाने की उठाई मांग

मिर्जापुर। समाधान माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड पर लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं से धनराशि लेकर ठगी करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को सैकड़ों महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट के नेतृत्व में महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और जमा धनराशि वापस दिलाने की मांग की।

60 हजार रुपये के लोन के नाम पर रुपये लेने का आरोप

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी ने 60 हजार रुपये का लोन दिलाने का आश्वासन देकर लगभग 40 महिलाओं से प्रति महिला 5-5 हजार रुपये नकद और ऑनलाइन जमा कराए। आरोप है कि इस तरह करीब सात लाख रुपये की वसूली के बाद कंपनी का कार्यालय बंद हो गया और संचालक गायब हो गए।

डीएम ने जांच और एफआईआर के दिए निर्देश

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मामले का संज्ञान लेते हुए एडिशनल एसपी सिटी नितेश सिंह को जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया।

Advertisement

कड़ी कार्रवाई की उठी मांग

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने आरोप लगाया कि जिले में माइक्रो क्रेडिट कंपनियों की आड़ में गरीब महिलाओं के साथ ठगी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी, ठगी की राशि वापस दिलाने और पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश सचिव रमाशंकर साहू ने भी आरोपित कंपनी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन में सरोज गोस्वामी, मीरा देवी, दिव्या गिरी, सीमा देवी, निर्मला, शकील, निशा गिरी, तारामती, प्रमिला, अमीना, विद्या, उर्मिला, ममता, मदीना, संगीता, पूजा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page