Connect with us

मिर्ज़ापुर

सेमफोर्ड स्कूल में नेतृत्व अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

Published

on

Loading...
Loading...

हेड बॉय-हेड गर्ल सहित छात्र परिषद को सौंपे गए दायित्व, नेतृत्व और अनुशासन का दिलाया गया संकल्प

मीरजापुर। सेमफोर्ड स्कूल, बसही में शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नेतृत्व अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। गरिमामय वातावरण में आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं को नेतृत्व, अनुशासन, सेवा और उत्तरदायित्व का संदेश देते हुए विद्यालय की नवगठित छात्र परिषद को बैज और सैश प्रदान कर दायित्व सौंपे गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विवेक बरनवाल एवं विशिष्ट अतिथि शिप्रा बरनवाल के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन तथा गणेश वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक तैयार करना है, जो समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

समारोह के दौरान कक्षा एक से बारहवीं तक के क्लास प्रीफेक्ट (मॉनिटर) को बैज प्रदान कर उनके दायित्वों से अवगत कराया गया। इसके बाद विद्यालय के चारों सदनों—व्योम, अग्नि, सलिल और पृथ्वी—के कैप्टन एवं वाइस कैप्टन को सैश और बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने प्रेरणादायी नृत्य, अंग्रेजी लघु नाटिका और कविता की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।

विद्यालय के निदेशक विवेक बरनवाल ने कहा कि नेतृत्व किसी पद का नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और समर्पण का नाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, सहिष्णुता और नेतृत्व क्षमता विकसित कर विद्यालय एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। वहीं विद्यालय की निदेशिका शिप्रा बरनवाल ने विद्यार्थियों को टीम भावना, अनुशासन और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

Advertisement

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण क्षण तब आया, जब विद्यालय के हेड बॉय, हेड गर्ल, स्कूल कैप्टन, वाइस कैप्टन तथा स्टूडेंट काउंसिल के सदस्यों को बैज और सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी नवमनोनीत छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय, समाज और राष्ट्र के प्रति निष्ठा, अनुशासन एवं सेवा भाव बनाए रखने की शपथ ली। हेड बॉय और हेड गर्ल ने विद्यार्थियों को विश्वास दिलाया कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।

समारोह के अंत में मिडिल विंग की कोऑर्डिनेटर संगीता शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय परिवार ने इसे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page