गाजीपुर
कुटुंब न्यायालय गाजीपुर में परामर्शदाता पद पर आवेदन आमंत्रित
4 अगस्त तक करें आवेदन, समाजशास्त्र या मनोविज्ञान में स्नातक अभ्यर्थी होंगे पात्र
गाजीपुर। प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय गाजीपुर शैलोज चन्द्र ने कुटुंब न्यायालय में एक परामर्शदाता (Counsellor) के पद पर नियुक्ति के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन पत्र 4 अगस्त 2026 तक प्रशासनिक कार्यालय, पारिवारिक न्यायालय, गाजीपुर में जमा किए जा सकते हैं।
ये अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
विज्ञप्ति के अनुसार अभ्यर्थी का यूजीसी से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र या मनोविज्ञान विषय में स्नातक होना तथा समाज सेवा का अनुभव होना आवश्यक है। सामाजिक कार्य (एमएसडब्ल्यू) में स्नातकोत्तर तथा पारिवारिक काउंसलिंग का कम से कम दो वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आयु और कार्यकाल
आवेदक की आयु विज्ञप्ति जारी होने की तिथि पर 35 से 65 वर्ष के बीच होनी चाहिए। गाजीपुर जनपद के निवासियों को वरीयता दी जाएगी। चयनित परामर्शदाता का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। यह नियुक्ति संविदा के आधार पर होगी और इसे शासकीय सेवा नहीं माना जाएगा।
चयन प्रक्रिया
आवेदन प्राप्त होने के बाद राज्य सरकार द्वारा अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी की जाएगी। इसके उपरांत पात्र अभ्यर्थियों की सूची उच्च न्यायालय को भेजी जाएगी। अंतिम चयन उच्च न्यायालय की संस्तुति एवं राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के आधार पर होगा। नियुक्त परामर्शदाता को शासनादेश के अनुसार मानदेय प्रदान किया जाएगा।
4 अगस्त अंतिम तिथि
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र, शैक्षिक एवं अनुभव प्रमाणपत्रों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ 4 अगस्त 2026 तक प्रशासनिक कार्यालय, पारिवारिक न्यायालय, गाजीपुर में जमा कर सकते हैं। इसके बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
